उज्जैन, उज्जैन पुलिस के द्वारा गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश हेतु निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना महाकाल पुलिस ने तत्परता एवं संवेदनशीलता का परिचय देते हुए महाराष्ट्र से गुमशुदा 74 वर्षीय वृद्ध को सकुशल दस्तयाब कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया।
फरियादी, निवासी जिला बुलढाना (महाराष्ट्र), द्वारा थाना महाकाल पर उपस्थित होकर सूचना दी गई कि उनके पिता सीताराम पुंडलिक राजपूत, उम्र 74 वर्ष, निवासी ग्राम कोलरा, तहसील चिखली, जिला बुलढाना (महाराष्ट्र), परिजनों से नाराज होकर घर से कहीं चले गए हैं। परिजनों द्वारा अपने स्तर पर काफी तलाश करने के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका। तकनीकी जानकारी एवं मोबाइल लोकेशन के आधार पर उनके उज्जैन में होने की संभावना व्यक्त होने पर परिजनों द्वारा थाना महाकाल पुलिस से सहायता का अनुरोध किया गया।
🔹सूचना प्राप्त होते ही थाना प्रभारी महाकाल निरीक्षक गगन बादल द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए सहायक उप निरीक्षक चंद्रभान सिंह चौहान एवं थाना महाकाल पुलिस टीम को तत्काल गुमशुदा की तलाश हेतु निर्देशित किया गया। पुलिस टीम द्वारा प्राप्त तकनीकी जानकारी के आधार पर उज्जैन शहर के विभिन्न संभावित स्थानों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, पाटीदार धर्मशाला सहित अन्य धर्मशालाओं एवं ठहरने के संभावित स्थानों पर सघन तलाश अभियान चलाया गया।
लगातार एवं सुनियोजित प्रयासों के फलस्वरूप पुलिस टीम ने गुमशुदा सीताराम पुंडलिक राजपूत को उज्जैन स्थित एक धर्मशाला से सकुशल दस्तयाब किया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे अपने परिजनों से नाराज होकर महाराष्ट्र से उज्जैन चले आए थे तथा यहीं ठहरे हुए थे।
*🔹आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण करने के उपरांत गुमशुदा को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया। अपने परिजन के सकुशल मिलने पर परिजनों ने थाना महाकाल पुलिस की त्वरित, संवेदनशील एवं सराहनीय कार्यवाही की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए थाना प्रभारी महाकाल एवं पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।*