उज्जैन,कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह के निर्देशानुसार उपभोक्ताओं को स्वच्छ, शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तथा बाजार में नकली एवं मिलावटी खाद्य पदार्थों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सतर्कता बरती जा रही है।
शनिवार को प्राप्त शिकायत के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा विकास नमकीन एण्ड स्वीट्स, छोटा सराफा, उज्जैन से मूंगफली दाना चकती एवं आम पाक बर्फी तथा अमन बेकरी, तोपखाना रोड, उज्जैन से रोस्टेड ब्रेड के नमूने एकत्र किए गए।
उपरोक्त सभी नमूनों को जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेज दिया गया है। प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।
उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की शिकायत होने पर तुरंत खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचित करें।