होमगार्ड एवं एसडीआरएफ जवानों की तत्परता से दो श्रद्धालुओं की जान बची

उज्जैन, रविवार को प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) निवासी शिवा केसरी (19 वर्ष) एवं विकास केसरी (17 वर्ष) महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन करने के उपरांत शिप्रा नदी के रामघाट स्थित आरती स्थल पर स्नान कर रहे थे। स्नान के दौरान दोनों युवक अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

घाट पर तैनात SDRF सैनिक राजेंद्र रॉगोटा एवं होमगार्ड सैनिक विजय दायम ने तत्परता, सतर्कता एवं साहस का परिचय देते हुए बिना समय गंवाए तत्काल नदी में छलांग लगाकर तथा दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय पर किए गए इस त्वरित बचाव कार्य से दोनों युवकों की जान बच गई।

उल्लेखनीय है कि धार्मिक नगरी उज्जैन में आयोजित होने वाले विभिन्न पर्वों, त्योहारों एवं विशेष अवसरों पर होमगार्ड एवं एसडीआरएफ के जवान लगातार मुस्तैदी से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनकी सतर्कता एवं त्वरित कार्रवाई से अब तक अनेक श्रद्धालुओं एवं नागरिकों का जीवन सुरक्षित बचाया जा चुका है। रामघाट पर एसडीआरएफ की नियमित तैनाती एवं प्रभावी सुरक्षा व्यवस्थाओं के कारण डूबने की घटनाओं तथा उनसे होने वाली जनहानि में उल्लेखनीय कमी आई है।

होमगार्ड एवं एसडीआरएफ जिला कमांडेंट श्री संतोष कुमार जाट ने बताया कि विभाग द्वारा समय-समय पर प्रशिक्षित जवानों की तैनाती के साथ आधुनिक आपदा बचाव उपकरणों का प्रभावी उपयोग किया जाता है। शिप्रा नदी में फ्लोटिंग बॉल एवं लाइफ बॉय के माध्यम से सुरक्षा बैरिकेडिंग की गई है, जो श्रद्धालुओं की सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत प्रभावी सिद्ध हुई है। पूर्व में कई ऐसे अवसर आए हैं जब स्नान के दौरान श्रद्धालु गहरे पानी में चले गए, लेकिन उन्होंने बैरिकेडिंग में लगाए गए फ्लोटिंग बॉल एवं लाइफ बॉय का सहारा लेकर स्वयं को सुरक्षित रखा, जिसके बाद जवानों ने उनका सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया।

उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा उत्कृष्ट ड्यूटी एवं सफल रेस्क्यू कार्य करने वाले जवानों को समय-समय पर प्रोत्साहित भी किया जाता है, जिससे उनका मनोबल बढ़े और वे पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपनी सेवाएं देते रहें।

जिला कमांडेंट श्री जाट ने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि महाकाल की नगरी उज्जैन में दर्शन एवं स्नान के लिए आने वाले सभी श्रद्धालु अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। शिप्रा नदी में केवल निर्धारित एवं सुरक्षित स्थान पर ही स्नान करें, गहरे पानी में जाने का प्रयास न करें तथा सुरक्षा कर्मियों द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें। आपकी थोड़ी-सी सावधानी आपके और आपके परिवार के लिए जीवनभर की सुरक्षा का कारण बन सकती है।