उज्जैन, उज्जैन जिले में महिला संबंधी अपराधों के आरोपियों की धरपकड़ हेतु निरंतर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री करणदीप सिंह के कुशल निर्देशन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस बड़नगर श्री महेन्द्र परमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी इंगोरिया श्री दीपेश व्यास के नेतृत्व में थाना इंगोरिया पुलिस द्वारा नाबालिग से अनैतिक कार्य करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है।
दिनांक 11.07.2026 को फरियादी द्वारा थाना इंगोरिया पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसकी नाबालिग पुत्री को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। रिपोर्ट पर प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
जिस पर से दिनांक 13.07.2026 को अपहृत बालिका को ग्राम पंडकपाड़ा, थाना बदनावर से दस्तयाब किया गया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया था। अपहृता के कथन लेखबद्ध किए गए, जिसमें उसने बताया कि हीरालाल उसे उसके ग्राम सरसाना से बहला-फुसलाकर ले गया तथा उसके साथ अनैतिक कार्य किया। अपहृता के कथनों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट का इजाफा किया गया।
विवेचना के दौरान दिनांक 22.07.2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम द्वारा *आरोपी हीरालाल निनामा पिता अशोक निनामा, निवासी पंडकपाड़ा भैरूपाड़ा, थाना बदनावर को धुरेरी ब्रिज के नीचे से गिरफ्तार किया गया*। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। आरोपी को आज दिनांक 23.07.2026 को माननीय न्यायालय बड़नगर के समक्ष पेश किया जा रहा है।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी श्री दीपेश व्यास, उनि नानकराम पटेल, प्रधान आरक्षक रामलखन पटेल, प्रधान आरक्षक दिलीप सिंह राणा, प्रधान आरक्षक मनीष कुमार शाक्य, आरक्षक संदीप बामनिया एवं आरक्षक दीपक सोलंकी की सराहनीय भूमिका रही।