टॉवर चौक फायरिंग , आरोपी घटना में प्रयुक्त हथियार सहित गिरफ्तार

उज्जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर पश्चिम) श्री गुरु प्रसाद पाराशर एवं नगर पुलिस अधीक्षक माधवनगर श्रीमती दीपिका शिंदे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी माधवनगर के नेतृत्व में थाना माधवनगर पुलिस टीम द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए टॉवर चौक फायरिंग की घटना का कुछ ही घंटों में सफल खुलासा कर आरोपी को घटना में प्रयुक्त हथियार सहित गिरफ्तार किया गया।

*🔹घटना का संक्षिप्त विवरण*-

आज थाना माधव नगर क्षेत्र अंतर्गत टॉवर चौक पर अशुतोष पिता स्व. चोगालाल सोनी, उम्र 55 वर्ष, निवासी देसाई नगर, उज्जैन पर फायरिंग की घटना घटित हुई। घटना की सूचना प्राप्त होते ही थाना माधव नगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया।

प्रारंभिक विवेचना एवं फरियादी के अनुसार, आरोपी ने फरियादी से एक स्थान का रास्ता पूछा। फरियादी द्वारा उक्त स्थान की जानकारी नहीं होने की बात कहने पर आरोपी ने उसके साथ अभद्र भाषा एवं गाली-गलौज करना प्रारंभ कर दिया। जब फरियादी ने आरोपी को गाली-गलौज करने से मना किया, तो आरोपी ने अपने पास रखे हथियार से फरियादी पर फायर कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

*🔹पुलिस कार्यवाही*-

घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पश्चिम श्री गुरु प्रसाद पाराशर एवं नगर पुलिस अधीक्षक माधवनगर श्रीमती दीपिका शिंदे के निर्देशन में तत्काल विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपी की तलाश प्रारंभ की गई।

त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम को सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी जीरो पॉइंट रेलवे ट्रैक की ओर भाग रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची एवं आरोपी का पीछा किया। पुलिस को देखकर आरोपी रेलवे ट्रैक की ओर भागने लगा। भागने के दौरान उसका पैर रेलवे पटरी में फंस गया, जिससे वह गिर पड़ा एवं उसके पैर में चोटें आईं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित अभिरक्षा में लेकर घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान *प्रभुलाल पिता देव मालवीय, निवासी टोबरीखेड़ा रोड, तराना, जिला उज्जैन* के रूप में हुई है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा घटना के संबंध में विस्तृत विवेचना जारी है। घायल आरोपी को आवश्यक चिकित्सीय उपचार उपलब्ध कराया गया है।

*🔹माधव नगर पुलिस द्वारा घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, जिससे किसी अन्य अप्रिय घटना की संभावना को समय रहते टाल दिया गया। आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा प्रकरण के सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है।