जिला पंचायत की साधारण सभा में विभागीय योजनाओं की समीक्षा की गई

उज्‍जैन, जिला पंचायत उज्जैन की साधारण सभा की बैठक शुक्रवार को जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कमला कुंवर अंतर सिंह देवड़ा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, जल जीवन मिशन, शिक्षा, उद्यानिकी, सहकारिता, आदिम जाति कल्याण, जिला उद्योग केंद्र, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती शिवानी कुंवर भी उपस्थित रही।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री श्रेयांस कूमट ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों से नियमित समन्वय स्थापित कर उनके क्षेत्रों की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की जाए तथा स्वास्थ्य योजनाओं, चिकित्सकों की उपलब्धता एवं एम्बुलेंस सेवाओं की अद्यतन जानकारी समय-समय पर उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने एम्बुलेंस सेवाओं के सुचारु संचालन पर विशेष बल दिया।

बैठक की शुरुआत पूर्व साधारण सभा के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा से हुई, जिसमें स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सहकारिता, जल जीवन मिशन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, कृषि, शिक्षा एवं विद्युत विभागों से संबंधित विषयों पर चर्चा की गई। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान निर्माणाधीन उप-स्वास्थ्य केंद्रों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अन्य विभागों के उपयंत्रियों से भौतिक सत्यापन कराए जाने का प्रस्ताव रखा गया।

बैठक में टीबी मुक्त भारत अभियान की कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए बताया गया कि क्षेत्र में निक्षय मित्र बनाकर टीबी रोगियों की पहचान एवं सहायता सुनिश्चित की जा सकती है। साथ ही टीबी मरीजों को छह माह तक उपलब्ध कराए जाने वाले फूड बास्केट की जानकारी भी दी गई। आयुष्मान कार्ड निर्माण के लिए आयोजित शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए समाचार पत्रों एवं प्रचार वाहनों का उपयोग किए जाने के निर्देश दिए गए।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कूमट ने जिले में संचालित नवाचारों की जानकारी देते हुए बताया कि जनसेवा प्रहरियों को सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार एवं सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राहवीर योजना के अंतर्गत दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति की सहायता करने वाले नागरिक को ₹25,000 तक की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी तथा पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री राहत योजना के अंतर्गत आवश्यक लाभ भी उपलब्ध कराया जाएगा।

बैठक के दौरान स्वास्थ्य विभाग की स्थापना शाखा में पूर्व में कार्यरत सहायक ग्रेड-3 श्री त्रिपाठी द्वारा किए गए कथित अनियमित कार्यों की जांच कराए जाने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए गए।

जल जीवन मिशन एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा के दौरान रोड रेस्टोरेशन कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ग्रामीण नल-जल योजना संचालन, संधारण एवं प्रबंधन नियम-2026 की जानकारी प्रस्तुत करते हुए बताया गया कि ग्राम पंचायतें जल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव की जिम्मेदारी निभाएंगी। प्रत्येक ग्राम में पानी समिति का गठन किया जाएगा तथा पंचायत दर्पण पोर्टल के माध्यम से जलकर का संकलन एवं बिल जारी करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

विद्युत विभाग की समीक्षा में कड़ोदिया फीडर पर हेवी स्विच की मांग तथा जली हुई डीपी के परिवहन संबंधी शासन के निर्देशों की जानकारी सभी जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ने नवीन शैक्षणिक सत्र की तैयारियों, छात्र पंजीयन, विद्यार्थियों की उपस्थिति, उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम प्राप्त करने वाले शिक्षकों तथा छात्रावासों की जानकारी प्रस्तुत की।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की समीक्षा में पीएमजीएसवाई-4 के अंतर्गत प्रस्तावित मार्गों की जानकारी प्रस्तुत की गई तथा जनप्रतिनिधियों से नवीन प्रस्ताव उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया। वहीं लोक निर्माण विभाग को पुराने लंबित निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला पंचायत के माननीय सदस्यगण एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।