महाकाल मंदिर के सिक्युरिटी गार्ड पर प्राणघातक हमला करने वाला आरोपी महाकाल पुलिस की त्वरित कार्यवाही से गिरफ्तार

उज्जैन,दिनांक 24.07.2026 को थाना महाकाल क्षेत्र अंतर्गत श्री महाकालेश्वर मंदिर परिसर में सिक्युरिटी गार्ड के साथ चाकू से हमला करने की घटना घटित हुई थी। घटना के संबंध में फरियादी आकाश पिता देवीलाल राठौर उम्र 22 वर्ष निवासी मकान नंबर 184, अतिरिक्त विश्व बैंक कॉलोनी, उज्जैन द्वारा थाना महाकाल पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

फरियादी की रिपोर्ट पर थाना महाकाल पुलिस द्वारा आरोपी *अंकुश परमार पिता अनिल परमार निवासी जयसिंहपुरा, थाना नीलगंगा, उज्जैन* के विरुद्ध अपराध क्रमांक 308/2026 धारा 109(1), 296(बी), 351(3), 3(5) बी.एन.एस. के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

*🔹पुलिस द्वारा की गई कार्यवाही*-

घटना की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए थाना प्रभारी महाकाल निरीक्षक गगन बादल द्वारा तत्काल पुलिस टीम को सक्रिय कर आरोपी की तलाश हेतु निर्देशित किया गया। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए घटना के कुछ ही समय पश्चात आरोपी अंकुश परमार को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी द्वारा बताया गया कि वह महाकाल मंदिर क्षेत्र के आसपास फूल-प्रसादी का ठेला लगाता था। ठेला लगाने की जगह को लेकर उसका सिक्युरिटी गार्ड फरियादी आकाश से विवाद हो गया था। इसी विवाद के चलते आरोपी द्वारा आवेश में आकर फरियादी पर चाकू से हमला कर दिया गया।

थाना महाकाल पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू विधिवत जप्त कर लिया गया है। आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

*▪️गिरफ्तार आरोपी –*

01. अंकुश परमार पिता अनिल परमार, निवासी जयसिंहपुरा, थाना नीलगंगा, उज्जैन।

*🔹सराहनीय भूमिका –*

थाना प्रभारी महाकाल निरीक्षक गगन बादल,उप निरीक्षक जितेन्द्र झाला,उप निरीक्षक चन्द्रभान सिंह चौहान,प्रधान आरक्षक मनीष यादव,प्रधान आरक्षक शैलेष योगी,
प्रधान आरक्षक गोपाल सुरावत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।