“रस संगमम्” पहल को श्रद्धालुओं का मिला भरपूर समर्थन, प्रथम दिवस 10,337 श्रद्धालुओं ने ग्रहण की भोजन प्रसादी

उज्जैन,”रस संगमम् – एक भारत, अनेक परंपराएँ” की भावना को साकार करते हुए श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा प्रारंभ की गई अभिनव पहल के अंतर्गत प्रथम दिवस श्री महाकालेश्वर मंदिर के निःशुल्क अन्नक्षेत्र में दक्षिण भारतीय पारंपरिक भोजन के अंतर्गत श्रद्धालुओं को सांभर, इडली/वड़ा, स्टीम चावल, मौसमी सब्जी एवं पोंगल प्रसादी का वितरण किया गया

इस अवसर पर लगभग 10,337 श्रद्धालुओं ने भोजन प्रसादी ग्रहण की।

प्रथम दिवस के आयोजन के दौरान श्री महाकालेश्वर मंदिर की उप प्रशासक एवं डिप्टी कलेक्टर श्रीमती सिम्मी यादव ने निःशुल्क अन्नक्षेत्र में उपस्थित श्रद्धालुओं से संवाद किया। उन्होंने मंदिर प्रबंध समिति द्वारा प्रारंभ की गई “रस संगमम् – एक भारत, अनेक परंपराएँ” पहल की जानकारी दी तथा श्रद्धालुओं से उनके अनुभव भी साझा किए।

श्रद्धालुओं ने इस पहल को “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना को सशक्त बनाने वाला सराहनीय एवं अभिनव प्रयास बताते हुए इसकी मुक्त कंठ से प्रशंसा की। साथ ही उन्होंने निःशुल्क अन्नक्षेत्र में उपलब्ध कराई जा रही भगवान श्री महाकालेश्वर जी की भोजन प्रसादी की गुणवत्ता, स्वाद एवं व्यवस्थाओं को श्रेष्ठ बताते हुए मंदिर प्रबंध समिति के प्रति आभार व्यक्त किया।

आगामी शुक्रवार श्रद्धालुओं को पुलिहोरा, पायसम,रसम, मौसमी सब्जी एवं स्टीम चावल का प्रसाद वितरित किया जाएगा।