ग्राम बघेरा में दिनदहाड़े हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

उज्जैन,उज्जैन पुलिस द्वारा चोरी, लूट एवं अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों के निराकरण तथा आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री करणदीप सिंह (भा.पु.से.) एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) तराना श्री राहुल कुमार खरे के मार्गदर्शन में थाना तराना पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई।

दिनांक 20.07.2026 को फरियादी धर्मेन्द्र पिता शिवनारायण सोलंकी, निवासी ग्राम बघेरा ने अपने घर से सोने-चांदी के आभूषण एवं ₹55,000 नगद चोरी होने की रिपोर्ट थाना तराना में दर्ज कराई। रिपोर्ट पर थाना तराना में अपराध क्रमांक 464/2026, धारा 305(क), 331(3) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस टीम का गठन कर मुखबिर तंत्र एवं साइबर सेल की सहायता से आरोपियों की तलाश की गई। इसी दौरान सूचना प्राप्त हुई कि एबी रोड स्थित कनासिया नाका के समीप जंगल में कुछ संदिग्ध व्यक्ति एकत्रित हैं। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी की गई। पुलिस वाहन देखकर चारों आरोपी दो मोटरसाइकिलों से भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने ग्राम बघेरा में चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी गया लगभग ₹07 लाख मूल्य का मशरूका तथा मौके से खटकेदार चाकू बरामद किए गए। आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई जारी है।

▪️*गिरफ्तार आरोपी*-
1.सावन पिता गणपत, उम्र 22 वर्ष, निवासी सुरजपुरा।
2.काना पिता गणपत, उम्र 20 वर्ष, निवासी सुरजपुरा।
3.धीरज पिता प्रभुलाल, उम्र 21 वर्ष, निवासी तराना, हाल मुकाम देसाई नगर, उज्जैन।
4.आकाश पिता प्रभुलाल, उम्र 24 वर्ष, निवासी तराना, हाल मुकाम अशोक नगर, उज्जैन।

▪️*आपराधिक रिकॉर्ड:*
आरोपी धीरज एवं आकाश के विरुद्ध पूर्व से मारपीट के दो-दो प्रकरण दर्ज हैं।

▪️सराहनीय भूमिका
– निरीक्षक रामनारायण सिंह भदौरिया (थाना प्रभारी)
– उप निरीक्षक एच.आर. अंगोरिया
– उप निरीक्षक रविन्द्र कटारे
– आरक्षक अरविंद, जितेन्द्र, अमरदीप सिंह भदौरिया, अर्चित शर्मा, प्रवीण, आनंद एवं राजू गुर्जर का सराहनीय योगदान रहा।