दूततलाई क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट संचालकों के यहां से 90 हजार से अधिक डिस्पोजल ग्लास जब्त

उज्जैन,स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त शहर की दिशा में नगर निगम द्वारा प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक एवं डिस्पोजल सामग्री के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में निगम की स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा गुरुवार को दूत तलाई क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट संचालकों के यहां जांच करते हुए बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित डिस्पोजल ग्लास जब्त किए गए*
*जांच के दौरान अग्रवाल ट्रांसपोर्ट एवं अशोक ट्रांसपोर्ट से लगभग 90 हजार से अधिक संख्या में डिस्पोजल ग्लास बरामद किए गए। मौके पर करीब 8 से 10 बॉक्स में रखे अमानक स्तर के प्रतिबंधित डिस्पोजल ग्लास पाए गए, जिन्हें निगम की टीम द्वारा जब्त किया गया, निगम की टीम द्वारा दूत तलाई क्षेत्र में स्थित अन्य दुकानों एवं प्रतिष्ठानों की भी गहनता से जांच की गई। इस दौरान जहां भी प्रतिबंधित पॉलिथीन एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्री पाई गई, उसे भी जब्त करते हुए संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की गई*
*निगम द्वारा स्पष्ट किया गया है कि प्रतिबंधित डिस्पोजल सामग्री के भंडारण, परिवहन एवं उपयोग को किसी भी स्थिति में प्रोत्साहित नहीं किया जाएगा। शहर को स्वच्छ, प्लास्टिक मुक्त एवं पर्यावरण अनुकूल बनाए रखने के लिए ऐसे प्रतिष्ठानों एवं व्यापारिक गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है*
*उक्त कार्यवाही निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग के उपायुक्त श्री संजेश गुप्ता के मार्गदर्शन में स्वच्छता निरीक्षक श्री मुकेश भाटी एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा की गई!