उज्जैन,उज्जैन जिले में फरार एवं आदतन अपराधियों की धरपकड़ हेतु निरंतर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री करणदीप सिंह (भापुसे) के निर्देशन एवं एसडीओपी महिदपुर श्री ज़ेंडेन लिंगज़ेरपा (भापुसे) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक पाटीदार के नेतृत्व में हफ्ता वसूली के प्रकरण में करीब एक माह से फरार इम्तियाज अली एवं गम्पू उर्फ गम्पिया उर्फ मुमतियाज अली को गिरफ्तार किया गया।
🔹*घटना का संक्षिप्त विवरण*—
दिनांक 08.08.2026 को फरियादिया से आरोपियों द्वारा स्वयं को महिदपुर का दादा-पहलवान बताते हुए प्रत्येक सप्ताह ₹1,000 हफ्ता देने की मांग की गई। रुपये देने से मना करने पर फरियादिया के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी गई। रिपोर्ट पर थाना महिदपुर में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस टीम द्वारा लगातार तलाश एवं मुखबिर तंत्र के आधार पर दोनों फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट प्राप्त होने पर दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में उपजेल महिदपुर दाखिल किया गया।
🔹*आपराधिक रिकॉर्ड*—
इम्तियाज अली कोठार के विरुद्ध विभिन्न गंभीर धाराओं में 18 अपराध तथा गम्पू उर्फ गम्पिया उर्फ मुमतियाज अली कोठार के विरुद्ध 23 अपराध पूर्व से पंजीबद्ध हैं।
🔹*सराहनीय भूमिका*—
निरीक्षक अशोक पाटीदार, सउनि राधेलाल निनामा, प्र.आर. जितेन्द्र चौहान, भेरूलाल वर्मा, विनोद माली, नारायणसिंह एवं आरक्षक संजयसिंह, लेखराज, गोविन्दसिंह की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।