महाकाल मंदिर क्षेत्र में परिजनों से बिछड़ा 04 वर्षीय बालक सकुशल मिला

उज्जैन,उज्जैन पुलिस द्वारा धार्मिक नगरी उज्जैन में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए सतत सतर्कता के साथ कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में थाना महाकाल पुलिस द्वारा त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई करते हुए अपने परिजनों से बिछड़कर महाकाल चौराहे पर अकेले रो रहे 04 वर्षीय बालक को सकुशल उसके परिजनों से मिलाया गया।

*🔹घटना का संक्षिप्त विवरण*-

महाकाल चौराहे पर एक लगभग 04 वर्षीय बालक अकेला एवं रोते हुए दिखाई दिया। बालक को देखकर चाय की दुकान संचालक करण प्रजापत उसे सुरक्षित रूप से थाना महाकाल लेकर आए। पूछताछ में बालक का नाम दिव्यांश पिता अजय निषाद, उम्र 04 वर्ष, निवासी नवसारी, गुजरात होना ज्ञात हुआ।

घटना की जानकारी थाना प्रभारी महाकाल निरीक्षक श्री गगन बादल को दी गई। श्री बादल द्वारा बालक के परिजनों का तत्काल पता लगाने एवं उसे सकुशल परिजनों से मिलाने हेतु पुलिस टीम को आवश्यक निर्देश दिए गए।
पुलिस द्वारा बालक को थाने पर सुरक्षित रखकर चाय-नाश्ता कराया गया तथा उसे सामान्य एवं सहज महसूस कराने का प्रयास किया गया। इसके पश्चात उपनिरीक्षक नेहा जादौन एवं उपनिरीक्षक चंद्रभान सिंह चौहान द्वारा महाकाल मंदिर नियंत्रण कक्ष एवं पुलिस नियंत्रण कक्ष को बालक के संबंध में सूचना देकर प्रसारण कराया गया।

साथ ही पुलिस टीम द्वारा बालक को जिस स्थान से पाया गया था, उसके आसपास मोटरसाइकिल से लगातार तलाश की गई तथा महाकाल मंदिर परिसर एवं आसपास तैनात सुरक्षा कर्मियों को भी बालक एवं उसके परिजनों के संबंध में जानकारी देकर तलाश हेतु सतर्क किया गया।

इसी दौरान हरसिद्धि क्षेत्र के समीप बालक के परिजन अपने बच्चे की तलाश करते हुए महाकाल मंदिर के सुरक्षा कर्मियों से संपर्क में आए। सुरक्षा कर्मियों द्वारा परिजनों की जानकारी महाकाल मंदिर नियंत्रण कक्ष को दी गई, जहां से तत्काल थाना महाकाल पुलिस से संपर्क स्थापित किया गया। सूचना प्राप्त होते ही बालक के परिजनों को थाना महाकाल बुलाया गया।
थाने पर आवश्यक पूछताछ एवं पहचान की पुष्टि उपरांत 04 वर्षीय बालक दिव्यांश को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया। अपने बच्चे को सकुशल वापस पाकर परिजनों द्वारा उज्जैन पुलिस एवं महाकाल थाना पुलिस का आभार व्यक्त किया गया।

*🔹सराहनीय भूमिका—*

थाना प्रभारी महाकाल निरीक्षक श्री गगन बादल के निर्देशन में उपनिरीक्षक नेहा जादौन, उपनिरीक्षक चंद्रभान सिंह चौहान एवं थाना महाकाल पुलिस टीम द्वारा त्वरित, संवेदनशील एवं सराहनीय कार्रवाई करते हुए बालक को सकुशल उसके परिजनों से मिलाया गया।