उज्जैन,शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने तथा स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों के तहत नगर निगम द्वारा निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा के निर्देश अनुसार जनजागरूकता के साथ-साथ स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध लगातार प्रभावी चालानी कार्रवाई की जा रही है। निगम द्वारा नागरिकों एवं दुकानदारों से अपील की जा रही है कि कचरा खुले में न फेंकें, निर्धारित डस्टबिन का उपयोग करें तथा प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक एवं डिस्पोजल सामग्री का उपयोग न करें*
*इसके बावजूद समझाइश के बाद भी खुले में कचरा फेंकने, प्रतिबंधित पॉलीथिन एवं प्लास्टिक सामग्री का उपयोग करने तथा स्वच्छता नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध नगर निगम स्वास्थ्य विभाग के अमले द्वारा शनिवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन निरीक्षण एवं चालानी कार्रवाई की गई*
*कार्रवाई के दौरान स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले संबंधित दुकानदारों एवं प्रतिष्ठान संचालकों पर जुर्माना लगाया गया। निगम स्वास्थ्य अमले द्वारा विभिन्न प्रकरणों में 19 हजार रुपए से अधिक का जुर्माना वसूल किया गया। साथ ही प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री पाए जाने पर उसे जब्त करते हुए संबंधितों को भविष्य में नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई*
*नगर निगम द्वारा स्पष्ट किया गया है कि शहर की स्वच्छता केवल निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व एवं कर्तव्य है। स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए जनसहयोग आवश्यक है। निगम द्वारा एक ओर जहां निरंतर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध इसी प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी!
