मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया जे.के. लाइफकेयर सेंटर्स की अत्याधुनिक इकाई का उद्घाटन

उज्जैन,प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को उज्जैन के विक्रम उद्योगपुरी (DMIC) में जे.के. लाइफकेयर सेंटर्स प्राइवेट लिमिटेड की अत्याधुनिक एपीआई मैन्युफैक्चरिंग इकाई का पट्टिका अनावरण कर उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्‍यअतिथि उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) श्री गुरमीत सिंह एवं प्रभारी मंत्री श्री गौतम टेटवाल, विधायक श्री अनिल जैन कालूहेडा, श्री चिंतामण मालवीय, महापौर श्री मुकेश टटवाल, गृह निर्माण मंडल के अध्‍यक्ष श्री ओम जैन, उज्‍जैन विकास प्राधिकरण अध्‍यक्ष श्री रवि सोलंकी, सिंहस्थ प्राधिकरण अध्यक्ष श्री जगदीश अग्रवाल, नगर अध्‍यक्ष श्री संजय अग्रवाल, श्री राजेंद्र भारती, सहित अन्‍य जनप्रतिनिधि भी अतिथि के रूप में मंचासीन थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन में स्थापित यह एपीआई इकाई देश की फार्मास्यूटिकल आत्मनिर्भरता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी। यह इकाई आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करते हुए आयात-निर्भरता को कम करने तथा भारत को वैश्विक फार्मा आपूर्ति में अग्रणी भूमिका निभाने में सक्षम बनाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में उद्योगों को बढ़ावा देने एवं निवेश के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने हेतु प्रतिबद्ध है। मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज एआई का बदलता दौर है परंतु उज्‍जैन हमेशा से नेचुरल इंटेलिजेंस(एनआइ) का प्रमुख केंद्र रहा है।

उत्‍तराखंड के राज्‍यपाल ले.ज (से.नि) श्री गुरमीत सिंह ने जेके लाईफ केयर सेंटर की इस नवीन फार्मास्‍यूटीकल निर्माण इकाई की स्‍थापना पर बधाई देते हुए कहा कि यह इकाई मानवता और स्‍वास्‍थ्‍य सेवा के क्षेत्र में सफलता के नए आयाम तय करेगी और प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी जी के 2047 तक विकसित भारत निर्माण के संकल्‍प को साकार करने में अपना योगदान देगी।

उल्लेखनीय है कि जे.के. लाइफकेयर सेंटर्स द्वारा इस परियोजना में अब तक लगभग 50 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है तथा भविष्य में लगभग 200 करोड़ रुपये तक निवेश प्रस्तावित है। यह इकाई अंतरराष्ट्रीय नियामक मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्तापूर्ण एपीआई, एडवांस्ड इंटरमीडिएट्स, पेप्टाइड्स एवं बायोसिमिलर्स के निर्माण तथा CMO/CDMO सेवाओं के क्षेत्र में कार्य करेगी।

जे.के. लाइफकेयर ग्रुप की प्रतिबद्धता Commitment, Innovation and Quality है। ग्रुप द्वारा जे.के. हॉस्पिटल मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, महाकालेश्वर IVF सेंटर एवं स्टैनफोर्ड इंटरनेशनल स्कूल का संचालन भी किया जा रहा है। समारोह में डॉ. कात्यायन मिश्रा, डॉ. जया मिश्रा, डॉ. अनन्य मिश्रा, डॉ. शिवानी मिश्रा एवं श्री अलाप मिश्रा सहित गणमान्य नागरिक एवं उद्योग प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

प्रारंभ में मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव एवं मंचासीन अतिथियों ने पट्टीका का अनावरण कर जेके लाईफ केयर की इस नवीन इकाई का उद्घाटन किया। संस्‍थान के निदेशक डॉ. कात्‍यायन मिश्रा ने अतिथियों का पुष्‍प गुच्‍छ भेंट कर स्‍वागत किया। डॉ. कात्‍यायन मिश्रा एवं जया मिश्रा ने एक छोटे से क्लिनिक से प्रारंभ की गई स्‍वास्‍थ्‍य सेवा की अबतक की गाथा साझा की। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती मोना ठाकुर ने किया तथा अंत में मध्‍यप्रदेश गृह निर्माण मंडल के अध्‍यक्ष श्री जैन ने सभी का आभार व्‍यक्‍त किया।

इस अवसर पर संभागायुक्त श्री आशीष सिंह, एडीजी श्री राकेश गुप्‍ता, डीआईजी श्री नवनीत भसीन, कलेक्‍टर श्री रौशन कुमार सिंह, एमपीआईडीसी के श्री राजेश राठौर, एसपी श्री प्रदीप शर्मा सहित अन्‍य अधिकारी, कर्मचारी, पत्रकारगण और जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्‍या में स्‍वास्‍थ्‍य क्षेत्र से जुडे गणमान्‍य नागरीक एवं उद्योगीक इकाईयों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।