उज्जैन,माननीय मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जी के निर्देश के क्रम में सिंहस्थ महापर्व की तैयारियों को दृष्टिगत रखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों के विकास एवं यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने की दिशा में नगर निगम द्वारा महापौर श्री मुकेश टटवाल एवं निगम अध्यक्ष श्रीमती कलावती यादव के मार्गदर्शन में लगातार कार्य किए जा रहे हैं इसी क्रम में खजूर वाली मस्जिद से अब्दाल पूरा जीवाजीगंज थाने से गणेश चौक तक लगभग 730 मीटर लंबे मार्ग को 15 मीटर चौड़ा किए जाने की तैयारी नगर निगम द्वारा शुरू कर दी गई है। प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण एवं विकास कार्य पर राज्य शासन से प्रदत्त लगभग 9.80 करोड़ रुपए की राशि व्यय की जाएगी!
*यह मार्ग शहर के महत्वपूर्ण एवं व्यस्त मार्गों में शामिल है तथा आम नागरिकों के लिए भी यह प्रमुख संपर्क मार्ग है। सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या एवं यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए उक्त मार्ग को 15 मीटर चौड़ा किया जाना आवश्यक माना गया है!
*272 भवनों पर होगी कार्यवाही, पहले शुरू हुआ सर्वे एवं मार्किंग कार्य!
*प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण से कुल 272 भवन प्रभावित होना प्रस्तावित हैं। नगर निगम द्वारा नियमानुसार कार्यवाही की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए सोमवार से मार्ग की नपती एवं सड़क सीमा की मार्किंग का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इसके माध्यम से प्रस्तावित सड़क की सीमा निर्धारित करने के साथ ही प्रभावित भवनों का चिन्हांकन किया जा रहा है!
*नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा के निर्देशानुसार भवन निरीक्षक श्री शिवम गुप्ता एवं निगम की टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर मार्ग की नपती एवं प्रभावित भवनों पर मार्किंग की कार्यवाही की गई। टीम द्वारा स्थल का निरीक्षण करते हुए प्रस्तावित सड़क सीमा के अनुरूप आवश्यक जानकारी भी संकलित की जा रही है। नपती एवं सर्वे कार्य पूर्ण होने के बाद नियमानुसार आगामी कार्यवाही की जाएगी!
