500 से अधिक छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की दी जानकारी

उज्जैन, सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकने एवं सुरक्षित यातायात संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संपूर्ण प्रदेश में दिनांक 28.09.2026 से 08.10.2026 तक हेलमेट एवं सीटबेल्ट के अनिवार्य उपयोग को लेकर व्यापक प्रवर्तन एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक उज्जैन के निर्देशन में एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात मनोज खत्री तथा उप पुलिस अधीक्षक यातायात दिलीप सिंह परिहार द्वारा दिनांक 30.09.2026 को विजन महाविद्यालय एवं प्रशांति महाविद्यालय में 500 से अधिक छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी देकर उनका पालन करने हेतु जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को हेलमेट एवं सीटबेल्ट के महत्व, यातायात संकेतों एवं रोड मार्किंग सहित सड़क सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साथ ही प्रदेश एवं शहर में घटित सड़क दुर्घटनाओं तथा उनमें होने वाली जनहानि के संबंध में जानकारी देते हुए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीटबेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

सत्र के पश्चात छात्र-छात्राओं से यातायात नियमों से संबंधित प्रश्नोत्तर किए गए तथा सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को मौके पर पुरस्कृत किया गया। विद्यार्थियों को जीवन के मूल्य को समझते हुए यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई।

नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई भी जारी

अभियान के अंतर्गत बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले तथा बिना सीटबेल्ट चारपहिया वाहन चलाने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रतिदिन चालानी कार्रवाई भी की जाएगी।

*🔹उज्जैन पुलिस की अपील:*
सड़क सुरक्षा हम सभी की जिम्मेदारी है। दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीटबेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन कर स्वयं एवं अपने परिवार को सुरक्षित रखें।