बुधवारिया हाट बाजार में बनेगा सुव्यवस्थित हॉकर्स जोन, 11 अक्टूबर को भूमिपूजन – महापौर श्री मुकेश टटवाल

उज्जैन,शहर के फुटकर विक्रेताओं, हाथ ठेला व्यापारियों एवं छोटे व्यापारियों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा वार्ड क्रमांक 16 स्थित बुधवारिया हाट बाजार में सुव्यवस्थित हॉकर्स जोन विकसित किया जाएगा। महापौर श्री मुकेश टटवाल की परिकल्पना के अनुसार यहां लगभग 70 लाख रुपये से अधिक की लागत से शेड निर्माण का कार्य किया जाएगा*
*महापौर श्री मुकेश टटवाल ने रविवार को बुधवारिया हाट बाजार पहुंचकर प्रस्तावित हॉकर्स जोन स्थल का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर में बड़ी संख्या में फुटकर विक्रेता एवं हाथ ठेला व्यापारी छोटे स्तर पर व्यवसाय करते हैं। कई बार पर्याप्त एवं व्यवस्थित स्थान नहीं होने के कारण उन्हें व्यापार करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे सभी छोटे व्यापारियों को एक स्थान पर सुव्यवस्थित सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हॉकर्स जोन का निर्माण किया जा रहा है*
*महापौर ने बताया कि हॉकर्स जोन में शेड निर्माण के माध्यम से व्यापारियों को व्यवस्थित एवं सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा, जिससे वे बेहतर तरीके से अपना व्यवसाय कर सकेंगे। साथ ही बाजार क्षेत्र में भी व्यवस्थितता आएगी और आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी*
*महापौर ने बताया कि हॉकर्स जोन के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। नवरात्रि के प्रथम दिवस 11 अक्टूबर रविवार को कार्य का भूमिपूजन किया जाएगा तथा इसके पश्चात निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कर निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं*
*स्थल निरीक्षण के दौरान जोन अध्यक्ष श्री विजय सिंह कुशवाहा, जोनल अधिकारी श्री सुनील जैन एवं उपयंत्री श्रीमती संगीता पवार उपस्थित रहीं!