सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर “निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक” आयोजित

उज्जैन, सिंहस्थ-2028 को दृष्टिगत रखते हुए महाकाल मंदिर परिक्षेत्र एवं महाकाल लोक क्षेत्र में स्मार्ट सिटी एवं उज्जैन विकास प्राधिकरण द्वारा प्रचलित विभिन्न निर्माण कार्यों तथा श्रद्धालु-केंद्रित सुविधाओं की प्रगति की समीक्षा हेतु श्री महाकाल महालोक त्रिनेत्र कंट्रोल रूम मीटिंग हॉल में कलेक्टर श्री रोशन कुमार सिंह द्वारा निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के मद्देनजर श्री महाकालेश्वर मंदिर परिक्षेत्र में प्रचलित एवं प्रस्तावित विभिन्न निर्माण कार्यों तथा स्मार्ट सिटी एवं यूडीए द्वारा किए गए कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान भक्त निवास प्रोजेक्ट, त्रिवेणी सरफेस पार्किंग प्रोजेक्ट, लड्डू निर्माण इकाई, विजिटर फैसिलिटी सेंटर-3 (VFC-3), महाकाल लोक में प्रस्तावित शेड व्यवस्था एवं बैरिकेडिंग सहित अन्य निर्माण कार्यों पर विस्तृत चर्चा की गई।
कलेक्टर श्री रोशन कुमार सिंह ने निर्देश दिए कि आगंतुक श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को दृष्टिगत रखते हुए मंदिर में श्रद्धालुओं को प्रदान की जाने वाली सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं को उच्च स्तरीय एवं श्रद्धालु-केंद्रित बनाए रखा जाए। उन्होंने मंदिर में प्रचलित एवं प्रस्तावित सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में योजनाबद्ध एवं चरणबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के साथ ही कलेक्टर श्री रोशन कुमार सिंह द्वारा पंचमुखी, मानसरोवर, फैसिलिटी सेंटर, अवंतिका द्वार, चौबीस खम्बा रोड निर्माण, महाकाल रोड, महाकाल घाटी एवं नीलकंठ सरफेस पार्किंग सहित विभिन्न स्थलों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं एवं प्रचलित कार्यों का स्थल निरीक्षण किया गया।
बैठक एवं भ्रमण के दौरान नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा, प्रशासक एवं अपर कलेक्टर श्री प्रथम कौशिक, स्मार्ट सिटी सीईओ श्रीमती नेहा जैन सहित संबंधित अधिकारी एवं निर्माण एजेंसियों के इंजीनियर उपस्थित रहे।