सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य शिविरों में निःशुल्क बनाए जा रहे आयुष्मान कार्ड

उज्जैन, आयुष्मान जिला नोडल अधिकारी डॉ. मंजुषा पिप्पल, जिला उज्जैन द्वारा बताया गया है कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में आयोजित किए जा रहे विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों में पात्र हितग्राहियों के निःशुल्क आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा नागरिकों को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ने एवं पात्र परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ पहुंचाने के लिए विशेष रूप से जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

डॉ. मंजुषा पिप्पल ने बताया कि आयुष्मान कार्ड के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को योजना के अंतर्गत चिन्हित अस्पतालों में निःशुल्क उपचार की सुविधा प्राप्त हो सकती है। इसलिए जिन नागरिकों का अभी तक आयुष्मान कार्ड नहीं बना है, वे अपने क्षेत्र की नजदीकी स्वास्थ्य संस्था, स्वास्थ्य शिविर अथवा संबंधित स्वास्थ्य कार्यकर्ता से संपर्क कर पात्रता की जानकारी प्राप्त करें तथा आवश्यक दस्तावेजों के साथ निःशुल्क आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाएं।

उन्होंने आमजन से अपील की है कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित स्वास्थ्य शिविरों का अधिक से अधिक लाभ लें और अपने परिवार के पात्र सदस्यों के आयुष्मान कार्ड बनवाएं। आयुष्मान कार्ड भविष्य में स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकता के समय आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
“आयुष्मान कार्ड बनवाएं, स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ पाएं।”
नजदीकी स्वास्थ्य संस्था में संपर्क करें और निःशुल्क आयुष्मान कार्ड बनवाने का अवसर अवश्य प्राप्त करें।