जनसुनवाई, आईटीआई के दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को शीघ्र मिलेगी लैपटॉप सहायता राशि

उज्जैन, कलेक्टर कार्यालय सभागार में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह के समक्ष पहुंचे दृष्टिबाधित विद्यार्थियों की समस्या सुनकर कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह की पहल पर औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को शासन की शिक्षा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत लैपटॉप क्रय करने के लिए सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। कलेक्टर श्री सिंह का विद्यार्थियों ने आभार व्यक्त किया।

सम्राट विक्रमादित्य प्रशासनिक संकुल स्थित कलेक्टर सभागृह में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान आईटीआई में ‘कोपा ट्रेड में अध्ययनरत करीब 10 दृष्टिबाधित विद्यार्थी अपनी समस्या लेकर पहुंचे थे। विद्यार्थियों की बात को संवेदनशीलता से सुनते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने तत्काल सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों को लैपटॉप प्रदान करने के लिए प्रकरण भोपाल स्तर पर स्वीकृति के लिए तुरंत प्रेषित किए जाए। विभागीय अधिकारियों ने जानकारी दी कि आईटीआई में कोपा ट्रेड के अंतर्गत सत्र 2024-25 एवं सत्र 2025-26 में अध्ययनरत दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के प्रकरण स्वीकृति के लिए भोपाल भेज दिए गए है। कलेक्टर श्री सिंह की इस त्वरित पहल से दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को शीघ्र ही लैपटॉप के लिए निर्धारित राशि प्राप्त हो सकेगी, जिससे वे अपने तकनीकी अध्ययन को सुचारू रूप से जारी रख सकेंगे। जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने आम नागरिकों एवं अन्य आवेदकों की समस्याओं व आवेदनों पर भी सुनवाई की। उन्होंने उपस्थित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त सभी आवेदनों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर श्री शाश्वत शर्मा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। जनसुनवाई के दौरान कुल 107 आवेदनों पर सुनवाई कर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के लिए निर्देशित किया गया।

सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर रास्ता रोकने पर तुरंत कार्यवाही के निर्देश दिए

जनसुनवाई में कलेक्टर श्री सिंह के समक्ष आवेदक घनश्याम सिंह पिता अर्जुन सिंह राठौर ने ग्राम बान्दर बैला तहसील बडऩगर ने आवेदन देकर बताया कि क्षेत्र में ही रहने वाले राजकुमार पिता रामचंद्र सिंह द्वारा अपने प्लाट के सामने सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर पुराना आम रास्ता रोका गया है। कलेक्टर श्री सिंह ने तत्काल बडऩगर एसडीएम से मोबाईल पर चर्चा कर सरकारी जमीन व आम रास्ता पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए। ग्रामीण घनश्याम सिंह द्वारा जनसुनवाई में तुरंत निराकरण होने पर कलेक्टर श्री सिंह का आभार व्यक्त किया गया।