उज्जैन,दिनांक 07.10.2026 की रात्रि करीब 03:30 बजे फरियादी सुनील खरे, निवासी वाल्मीकि कॉलोनी, उज्जैन द्वारा थाना माधवनगर उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि रात्रि में घर के बाहर उसके पुत्र सुजल खरे को गाली देने की आवाज सुनाई देने पर परिवार के सदस्य बालकनी में आए।
मौके पर सचिन उर्फ आयुष पिता मोहनलाल, उम्र 29 वर्ष, निवासी गड़कालिका रोड, जानकीनगर, उज्जैन एवं साहिल पिता संतोष, उम्र 26 वर्ष, निवासी अशोक नगर, उज्जैन मौजूद थे। दोनों आरोपी गाली-गलौज करते हुए क्रमशः पिस्टल एवं चाकू लहरा रहे थे।
विवाद के दौरान आरोपी सचिन उर्फ आयुष द्वारा पिस्टल से परिवार की ओर फायरिंग की गई। घटना में किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई। शोर-शराबा होने पर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।फरियादी की रिपोर्ट पर थाना माधवनगर में अपराध क्रमांक 438/2026, धारा 109(1), 296(बी), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
🔹 *आरोपियों की गिरफ्तारी*-
थाना माधवनगर पुलिस द्वारा घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की पतारसी हेतु तत्काल पुलिस टीम गठित कर तलाश की गई। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया जाकर घटना में प्रयुक्त पिस्टल जप्त की गई। प्रकरण में घटना से संबंधित साक्ष्यों का संकलन एवं अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
🔹 *आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड*-
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी सचिन उर्फ आयुष के विरुद्ध पूर्व से 05 आपराधिक प्रकरण तथा आरोपी साहिल के विरुद्ध पूर्व से 08 आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध होना पाए गए हैं।
उज्जैन पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले एवं आमजन में भय का वातावरण उत्पन्न करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त एवं प्रभावी वैधानिक कार्यवाही लगातार जारी है।