संभागायुक्त ने ठेकेदारों पर लगाई 15 लाख रुपये की पेनाल्टी

उज्जैन, थर्ड पार्टी क्वालिटी ऑडिट टीम द्वारा बताई गई कमियों के आधार पर संभागायुक्त श्री आशीष सिंह ने सिवरेज निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार पर 5 लाख एवं हरियाखेड़ी जल आवर्धन योजना का कार्य करने वाले ठेकेदार द्वारा काम गुणवत्ता के साथ नहीं करने पर 10 लाख की पेनाल्टी लगाई है। उन्होंने सभी निर्माण एजेंसियों को समन्वय के साथ थर्ड पार्टी क्वालिटी ऑडिट टीम द्वारा बताई गई कमियों को दूर करते हुए काम समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उक्त निर्देश सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के अंतर्गत शहर एवं मेला क्षेत्र में किए जा रहे विभिन्न अधोसंरचना एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा के दौरान सिंहस्थ मेला कार्यालय में संभागायुक्त एवं सिंहस्थ मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह ने दिए।
बैठक में संभागायुक्त श्री सिंह ने घाट क्षेत्र में प्रस्तावित लाइटिंग कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि निर्धारित योजना के अनुसार घाटों पर लाइटिंग का कार्य कराया जाए तथा कार्य की प्रगति की नियमित रूप से मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने शहर में प्रस्तावित लाइटिंग कार्य की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रमुख मार्गों, चौराहों, घाटों, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तथा अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों को शामिल करते हुए आवश्यकतानुसार लाइटिंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बैठक में उज्जैन विकास प्राधिकरण, नगर निगम उज्जैन एवं स्मार्ट सिटी, ब्रिज निर्माण द्वारा किए जा रहे निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा, अपर आयुक्त नगर निगम श्री संतोष टैगोर, स्मार्ट सिटी सीईओ नेहा जैन, सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांस कूमट सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।