उज्जैन,कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने मंगलवार को तहसील महिदपुर में मावा विक्रेताओं एवं विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मावा में स्टार्च, शर्करा एवं वनस्पति तेल आदि की संभावित मिलावट की प्राथमिक जाँच की गई। मौके पर Baudouin टेस्ट भी लगाया गया, जिससे वनस्पति तेल की मिलावट का पता लगाया जा सके।
टीम द्वारा तहसील महिदपुर के निम्नलिखित स्थानों से मावा के नमूने एकत्रित किए गए:
– श्री गिरीराज सेल्स एजेंसी, यशवंत मार्ग, महिदपुर से मावा के 02 नमूने
– आनंदम मावा भण्डार, गोपाल गौशाला के पास, महिदपुर से मावा का 01 नमूना
उपरोक्त सभी नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेज दिए गए हैं। प्रयोगशाला से प्राप्त जाँच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध विधिवत अग्रिम कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
इस कार्रवाई का उद्देश्य जनसामान्य को शुद्ध एवं मिलावटमुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना है।
