अवैध पटाखों के भंडारण एवं विक्रय के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई

उज्जैन,आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए आमजन की सुरक्षा, सार्वजनिक स्थानों पर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोकने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक उज्जैन के मार्गदर्शन में उज्जैन पुलिस द्वारा अवैध रूप से पटाखों के भंडारण एवं विक्रय करने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री गुरु प्रसाद पराशर एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती दीपिका शिंदे के निर्देशन में थाना प्रभारी श्री तरुण कुरिल के नेतृत्व में थाना पुलिस टीम द्वारा अवैध पटाखों के भंडारण एवं विक्रय की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही थी।

इसी दौरान पुलिस टीम को सूचना प्राप्त हुई कि शास्त्री नगर क्षेत्र में एक मकान की प्रथम मंजिल पर बड़ी मात्रा में पटाखे विक्रय करने के उद्देश्य से अवैध रूप से संग्रहित कर रखे गए हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी द्वारा तत्काल पुलिस टीम गठित कर बताए गए स्थान पर कार्रवाई हेतु रवाना किया गया।

पुलिस टीम द्वारा शास्त्री नगर स्थित मकान क्रमांक 345/9 पर पहुंचकर जांच एवं कार्रवाई की गई। तलाशी के दौरान मकान की प्रथम मंजिल पर विक्रय के उद्देश्य से रखे हुए बड़ी मात्रा में पटाखे पाए गए। पुलिस द्वारा मौके से लगभग ₹10,00,000 (दस लाख रुपये) कीमत के पटाखे बरामद कर जब्त किए गए।

*🔹मौके पर पटाखों के भंडारण एवं विक्रय से संबंधित गतिविधियों के संबंध में पूछताछ करने पर निम्न व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आई-*

1. सौरभ शर्मा
पिता – जगदीश शर्मा
उम्र – 26 वर्ष
निवासी – मकान क्रमांक 345/9, शास्त्री नगर, उज्जैन।

2. शुभम शर्मा
पिता – जगदीश शर्मा
उम्र – 28 वर्ष।

पुलिस द्वारा दोनों व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करते हुए लगभग ₹10 लाख कीमत के पटाखे जब्त किए गए हैं।

*🔹उज्जैन पुलिस की प्रतिबद्धता*

त्योहारों के दौरान आतिशबाजी एवं पटाखों के अनुचित भंडारण से आगजनी, विस्फोट एवं अन्य गंभीर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। विशेषकर आवासीय क्षेत्रों में बड़ी मात्रा में पटाखों का असुरक्षित तरीके से संग्रहण आसपास रहने वाले नागरिकों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न कर सकता है।

इसी को ध्यान में रखते हुए उज्जैन पुलिस द्वारा जिले में लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा अवैध रूप से पटाखों का भंडारण एवं विक्रय करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

उज्जैन पुलिस आमजन से अपील करती है कि पटाखों का क्रय-विक्रय एवं भंडारण निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही करें। किसी भी स्थान पर अवैध रूप से पटाखों का भंडारण या विक्रय होने की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।

त्योहारों की खुशियां बनी रहें, नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि रहे – इसी उद्देश्य से उज्जैन पुलिस निरंतर तत्पर है।

*🔹सराहनीय भूमिका:*
थाना प्रभारी श्री तरुण कुरिल एवं उनकी पुलिस टीम।