उज्जैन,सिंहस्थ महापर्व 2028 की तैयारियों के अंतर्गत इंदौर-उज्जैन सिक्स लेन मार्ग के निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा निरंतर निर्माण कार्यों की निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में संभाग आयुक्त-सह-सिंहस्थ मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह एवं कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने गुरुवार शाम को नियमित निरीक्षण के दौरान एमपीआरडीसी द्वारा निर्माणाधीन इंदौर-उज्जैन सिक्स लेन मार्ग का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सिक्स लेन मार्ग के निर्माण कार्य की प्रगति का स्थल पर जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से कार्य की वर्तमान स्थिति एवं शेष कार्यों की जानकारी प्राप्त की। एमपीआरडीसी के अधिकारियों ने बताया कि सिक्स लेन मार्ग का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है।
संभाग आयुक्त श्री आशीष सिंह ने नानाखेड़ा महामृत्युंजय द्वार से हरि फाटक ब्रिज की ओर निर्माणाधीन सिक्स लेन मार्ग का निरीक्षण करते हुए कार्य की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य को और गति देने के लिए आवश्यकतानुसार अतिरिक्त संसाधन एवं श्रमिकों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि शेष कार्य शीघ्र पूर्ण किया जा सके।
उन्होंने कहा कि सिक्स लेन मार्ग के मुख्य निर्माण कार्य के साथ-साथ सर्विस रोड एवं नाली निर्माण का कार्य भी प्राथमिकता के साथ पूर्ण किया जाए। निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो तथा सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराएं।
संभाग आयुक्त ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ महापर्व 2028 को दृष्टिगत रखते हुए विकसित किए जा रहे मार्ग भविष्य में बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं और आमजन के आवागमन की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण होंगे। इसलिए निर्माण कार्य में गुणवत्ता के साथ गति का भी विशेष ध्यान रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान अपर मेला अधिकारी श्री ओमप्रकाश सनोडिया सहित एमपीआरडीसी एवं नगर निगम के अधिकारी और इंजीनियर उपस्थित रहे।