आरोपियों के कब्जे से अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद

उज्जैन, उज्जैन पुलिस द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त, परिवहन एवं तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु निरंतर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री करणदीप सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस तराना श्री विवेक कनोडिया, उप पुलिस अधीक्षक क्राईम श्री योगेश सिंह तोमर के मार्गदर्शन में थाना तराना पुलिस द्वारा अभियान प्रहार के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई।

दिनांक 12.11.2026 को थाना तराना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि दो व्यक्ति बिना नंबर की यामाहा FZ-S मोटरसाइकिल से अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर ग्राम बगोदा की ओर से तराना की तरफ आ रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम द्वारा मुखबिर सूचना संबंधी आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण कर तराना-बगोदा रोड स्थित नाटाखेड़ी तिराहे पर घेराबंदी की गई।

कुछ समय पश्चात मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के अनुसार बिना नंबर की यामाहा FZ-S मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों को रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ में उनकी पहचान रवि पिता प्रहलाद उम्र 24 वर्ष एवं चेतन पिता विक्रम परमार उम्र 26 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम गोलवा, थाना तराना, जिला उज्जैन के रूप में हुई।

पुलिस टीम द्वारा एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए आरोपियों एवं उनके वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल की सीट पर रखी नीले रंग की प्लास्टिक थैली के अंदर सफेद प्लास्टिक की थैली में रखा अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे से वजन करने पर गांजे की कुल मात्रा 05 किलो 312 ग्राम पाई गई।

पुलिस द्वारा उक्त गांजे को विधिवत जप्त कर सीलबंद किया गया तथा मादक पदार्थ के परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर की यामाहा FZ-S मोटरसाइकिल भी जप्त की गई। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध अपराध क्रमांक 0/26, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। प्रकरण में मादक पदार्थ के स्रोत एवं तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं के संबंध में पूछताछ एवं विवेचना जारी है।

🔷 सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी तराना राम नारायण सिंह भदौरिया,उनि अनिल कुमार शुक्ला, एएसआई सुरेंद्र सिंह पवार, प्रधान आरक्षक इंद्र विक्रम, आरक्षक राहुल राव (1018), आरक्षक सौरभ सिहोते (624) सहित थाना तराना पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।