सॉलिड होगा सिंहस्थ का सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लान 100- 100 मीटर की दूरी पर लगेंगे बिन्स डोर टू डोर होगा कचरा कलेक्शन

उज्जैन,सिंहस्थ 2028 को जीरो वेस्ट इवेंट के रूप में मनाने की तैयारी चल रही है। संभाग आयुक्त श्री आशीष सिंह ने आज मेला क्षेत्र, अखाड़ों का क्षेत्र , घाटों और समस्त मेला एरिया में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट को लेकर के तैयारियों व प्लान की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए की सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट इस तरह से होना चाहिए जिसकी मिसाल लंबे समय तक दी जाए।
सिंहस्थ 2028 में 30 से 40 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। मेला क्षेत्र का एवं घाटों का विस्तार हो रहा है ऐसे में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट भी उसी स्तर का होना चाहिए। इस पर आज सिंहस्थ मेला कार्यालय में मंथन किया गया।
संभागायुक्त ने कहा कि मेला क्षेत्र में प्रत्येक 100-100 मीटर की दूरी पर कचरे की बिन लगायी जाए तथा यह आकलन कर लिया जाए कि इन बिनो में इकट्ठा होने वाला कचरा किस तरह से ट्रॉली में जाएगा और ट्राली से डंपर में कैसे पहुंचेगा। कचरे का स्टोरेज कहां होगा, स्टोरेज भी बहुत ही कम समय के लिए हो और इसको तुरंत निस्तारण के लिए शिफ्ट कर दिया जाए। श्री सिंह ने थ्री आर टेक्नोलॉजी का उपयोग करते हुए कचरे को वहीं समाप्त कर देने की प्लानिंग करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घाट एरिया, मेला क्षेत्र में लगने वाले अखाड़े के कैंप और अन्य साधु संतों के कैंपों से निकलने वाले कचरे और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से डोर टू डोर कलेक्शन के बारे में विस्तार से चर्चा की तथा दिशा निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।