उज्जैन, थाना नीलगंगा क्षेत्र अंतर्गत फरियादी देवेंद्र सिंह सोलंकी निवासी दत्त नगर, आगर रोड, उज्जैन द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उनकी भाभी श्रीमती कमलेश सोलंकी निवासी 42-ए, इंदौर रोड, टीला तालाब के पास उज्जैन के सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात बदमाश घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण एवं नकदी चोरी कर ले गए हैं। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना नीलगंगा में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस अधीक्षक उज्जैन के मार्गदर्शन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गुरु प्रसाद परासर एवं नगर पुलिस अधीक्षक दीपिका शिंदे के नेतृत्व में थाना नीलगंगा पुलिस टीम द्वारा चोरी की वारदात का खुलासा करने एवं आरोपियों की धरपकड़ हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे थे।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि चोरी की वारदात में संलिप्त संदिग्ध व्यक्ति सिद्धि कॉलोनी स्थित सुनार की दुकान पर चोरी के सोने-चांदी के आभूषण बेचने के लिए पहुंचे हैं। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर दोनों संदिग्ध भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें पुलिस टीम ने हमराह आरक्षकों की मदद से घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम भोलाराम यादव एवं हरी यादव होना बताया। दोनों से पूछताछ करने पर उन्होंने सूने मकान में चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर विधिवत जब्त किए गए।
*🔹बरामद मशरूका –*
1. आरोपी भोलाराम यादव के कब्जे से एक सोने की अंगूठी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹30,000 है।
2. आरोपी हरी यादव के कब्जे से चांदी की पायजेब एवं चांदी के अन्य जेवरात (बिछुड़ी एवं अंगूठी), जिनकी अनुमानित कीमत करीब ₹25,000 है।
इस प्रकार दोनों आरोपियों से कुल करीब ₹55,000 कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
*🔹गिरफ्तार आरोपी –*
1. भोलाराम यादव पिता बाबूलाल यादव, उम्र 20 वर्ष, निवासी कमला नेहरू नगर, उज्जैन।
2. हरी यादव पिता लालू यादव, उम्र 18 वर्ष, निवासी कमला नेहरू नगर, उज्जैन।
*🔹सराहनीय भूमिका –*
इस कार्यवाही में थाना नीलगंगा पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही थाना प्रभारी तरुण कुरील, HC 144 वीरेन्द्र शर्मा, आरक्षक 1728 पुष्पराज, आरक्षक 1740 कमल पटेल एवं आरक्षक 1926 लोकेश प्रजापति का विशेष योगदान रहा।
*🔹उज्जैन पुलिस की अपील*
उज्जैन पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम एवं चोरी की घटनाओं में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ हेतु लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। आमजन से अपील है कि अपने घर को सूना छोड़ते समय सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम करें एवं किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।