धूमधाम से निकली कार्तिक माह में भगवान श्री महाकालेश्वर की पहली सवारी

उज्जैन,श्रावण-भाद्रपद माह की तरह श्री महाकालेश्वर भगवान की कार्तिक माह में पहली सवारी 16 नवम्‍बर 2026 सोमवार सायं 04 बजे श्री महाकालेश्वर मंदिर से निकाली गयी।

सवारी निकलने के पूर्व सोमवार सायं 04 बजे श्री महाकालेश्वर मंदिर के सभामण्डप में भगवान श्री चन्‍द्रमोलेश्‍वर का विधिवत पूजन अर्चन किया गया। पूजन पुजारी श्री विकास शर्मा द्वारा किया गया।

सवारी जैसे ही मंदिर के मुख्य द्वार पर पहुंची, पालकी में विराजित भगवान श्री चन्‍द्रमोलेश्‍वर जी को पुलिस के जवानों द्वारा सलामी दी गयी। तत्पश्चात भगवान श्री चन्‍द्रमोलेश्‍वर अपनी प्रजा का हाल जानने भ्रमण पर निकले।

कार्तिक माह की प्रथम सवारी विधिवत पूजन-अर्चन के बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर से गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार, कहारवाडी होते हुए रामघाट क्षिप्रा तट पहुंची। जहॉ पर भगवान श्री चन्‍द्रमोलेश्‍वर का माँ क्षिप्रा के जल से पूजन-अर्चन किया गया। पूजन-अर्चन के पश्चात सवारी रामघाट से गंर्धव घाट, गणगौर दरवाजा, मोढ़ की धर्मशाला, कार्तिक चौक, खाती का मंदिर, सत्य-नारायण मंदिर, ढाबा रोड, छत्री चौक, गोपाल मंदिर पहुची । गोपाल मंदिर पर पूजन पश्यात सवारी पटनी बाजार, गुदरी चौराहा होते हुए श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंची। भगवान श्री चन्‍द्रमोलेश्‍वर जी का सवारी मार्ग पर खडें श्रद्धालुओं ने दर्शन लाभ लिया।
भगवान श्री चन्‍द्रमोलेश्‍वर की सवारी के आगे-आगे तोपची कड़ाबीन के माध्यम से राजाधिराज के आगमन की सूचना देते हुए चल रहे थे। सवारी में मंदिर के पुजारी एवं पुरोहित, श्री महाकालेश्‍वर मंदिर बैण्‍ड, पुलिस बैंड, घुडसवार दल, सशस्‍त्र पुलिस बल के जवान, भजन मंडलियॉ व धर्मपरायण जनता भगवान श्री महाकालेश्वर का गुणगान करते चल रहे थे।

सवारी में कलेक्टर एवं अध्यक्ष श्री रोशन कुमार सिंह, प्रशासक एवं अपर कलेक्‍टर श्री प्रथम कौशिक, पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शर्मा, उज्जैन विकास प्राधिकरण अध्यक्ष श्री रवि सोलंकी, उज्जैन जिला पंचायत सी.ई.ओ. श्री श्रेयांस मुकुट आदि सम्मिलित हुए।

श्री महाकालेश्वर भगवान की कार्तिक एवं अगहन (मार्गशीर्ष) माह में निकलने वाली श्री महाकालेश्वर भगवान की सवारियॉ क्रमशः द्वितीय सवारी – सोमवार, 23 नवम्बर 2026, तृतीय सवारी – सोमवार, 30 नवम्बर 2026, चतुर्थ सवारी (राजसी सवारी) – सोमवार, 07 दिसम्बर 2026 को होगी एवं दिनांक 22 नवम्बर 2026 रविवार को रात्रि 11 बजे हरिहर मिलन सवारी निकाली जावेगी!