देहदान करने वाली स्व. श्रीमती सुशीला नागर को गार्ड ऑफ ऑनर देकर दी सम्मानपूर्वक अंतिम विदाई

उज्जैन, मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार देहदान एवं अंगदान करने वाले महान दानदाताओं को राजकीय सम्मान स्वरूप गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किए जाने की पहल की गई है। इसी क्रम में दिनांक 17 नवंबर 2026 को उज्जैन निवासी स्व. श्रीमती सुशीला नागर (जन्म दिनांक 17.06.1934) के देहदान के अवसर पर पुलिस अधीक्षक उज्जैन के मार्गदर्शन में रक्षित निरीक्षक रणजीत सिंह एवं सूबेदार स्वाति कामले के निर्देश में पुलिस बल द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया।

स्व. श्रीमती सुशीला नागर के परिजनों द्वारा मानव कल्याण की भावना से उनका पार्थिव शरीर आर.डी. गार्डी मेडिकल कॉलेज, उज्जैन को देहदान किया गया। इस पुनीत कार्य के समन्वय में मुस्कान ग्रुप, उज्जैन के सेवादारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

देहदान चिकित्सा विज्ञान एवं मानव कल्याण के क्षेत्र में अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान है। देहदान से मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों को मानव शरीर की संरचना, अंगों की कार्यप्रणाली एवं शारीरिक विज्ञान का व्यावहारिक अध्ययन करने का अवसर मिलता है। इससे भविष्य के चिकित्सकों के प्रशिक्षण, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान को बढ़ावा मिलता है।

स्व. श्रीमती सुशीला नागर का यह महादान समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका पार्थिव शरीर चिकित्सा शिक्षा के माध्यम से आने वाली पीढ़ियों के ज्ञान एवं मानव सेवा के कार्य में उपयोगी सिद्ध होगा।

उज्जैन पुलिस स्व. श्रीमती सुशीला नागर के इस महान योगदान को सादर नमन करती है तथा उनके परिजनों के इस सराहनीय निर्णय की प्रशंसा करती है।