उज्जैन, मुझे अपनी शिक्षण संस्था शासकीय माधव महाविद्यालय उज्जैन से बहुत प्यार है । मुझे जो कुछ भी मिला है, अपनी संस्था माधव महाविद्यालय से ही मिला है। इसलिए मैं इसका ऋणी हूं और सदैव रहूँगा । उस ऋण को कुछ सीमा तक चुकाने के लिए माधव महाविद्यालय में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। माधव महाविद्यालय का विद्यार्थी होना बड़े गर्व की बात है । आज के विद्यार्थियों से मैं कहना चाहता हूं कि सफलता प्राप्त करने के लिए कठोर परिश्रम कीजिए । आप अपनी गलतियों को भी सुधारें । साथ ही जीवन में नवाचार करते रहें । नवाचार से आप का जीवन आनंदमय हो जाएगा। मैंने भी अपने जीवन में हर कार्य नए ढंग से किया है । ये उद्गार प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस शासकीय माधव महाविद्यालय में आयोजित पुरस्कार समारोह में माधव महाविद्यालय के पूर्व छात्र एवं प्रसिद्ध उद्योगपति श्री कैलाश धानुका जी द्वारा अपने स्वर्गीय पिता श्री मदनलाल धानुका की
स्मृति में माधव महाविद्यालय के सत्र 2025-26 के 05 सर्वोच्च अंक प्राप्त विद्यार्थियों को 25-25 हजार रूपए के नगद पुरस्कार देते हुए व्यक्त किए । स्नातक स्तर पर बी ए, बी कॉम और बी एस सी, प्रत्येक कक्षा में से एक एक सर्वोच्च अंक प्राप्त विद्यार्थी और स्नातकोत्तर स्तर पर एम ए और एम कॉम, प्रत्येक कक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त एक एक विद्यार्थी को पुरस्कृत किया गया । इस प्रकार कुल 05 पुरस्कार दिए गए।
पुरस्कार समारोह में अतिथि के रूप में पाणिनि संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो शिवशंकर मिश्र द्वारा अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा गया कि धानुका परिवार अपने संस्कारों के साथ जी रहा है। कैलाश धानुका जी अपने पिता को याद कर के और उनकी स्मृति में कार्यक्रम आयोजित करके पितृ ऋण चुका रहे हैं । जो लोग अपने धन का उपयोग अपनी संस्कृति, राष्ट्र और समाज के विकास के लिए कर रहे हैं, वे स्तुत्य हैं । साथ ही मैं विद्यार्थियों से कहना चाहता हूं कि विद्या परिश्रम से ही मिलती है । चैट जीपीटी का ज्ञान मंच पर कार्य नहीं करता है। आप के कंठ और बुद्धि में जो विद्या है, वही आप के काम आएगी । श्रम से किए गए कार्य से ही सम्मान मिलेगा । प्रसिद्ध साहित्यकार और ओल्ड माधवियंस पत्रिका के संपादक श्री रमेश दीक्षित ने कहा कि श्री कैलाश धानुका जी मेरे साथ पूर्व छात्र के रूप में जुड़े रहे हैं। उन्होंने 1955 में माधव महाविद्यालय से बी कॉम और फिर एम कॉम किया । बाद में पीएच डी करके माधव महाविद्यालय में अध्यापन कार्य भी किया । बाद में उन्होंने भारत कॉमर्स उद्योग में भी कार्य किया और सेवानिवृत्ति के बाद इन्दौर में धानुका कोल्ड स्टोरेज की स्थापना की । बाद में उन्होंने सीनियर माधवियंस के साथ जुड़ कर यह कार्यक्रम आयोजित करना आरम्भ किया । कार्यक्रम में स्वागत भाषण दिया गया प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस की प्राचार्य डॉ कल्पना वीरेन्द्र सिंह द्वारा । सभी का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि माधव महाविद्यालय में अपने पिता की स्मृति में कार्यक्रम आयोजित करके श्री कैलाश धानुका जी ने एक अनुकरणीय कार्य किया है । वे यह पहल करके उन बिरले पुत्रों से शामिल हो गए हैं जो पितृ ऋण चुकाने के लिए प्रयास कर रहे हैं । मैं हमारे आज के विद्यार्थियों से अनुरोध करती हूं कि वे भी खूब मेहनत कर के अच्छे अंक लाएं और मेरिट के आधार पर यह पुरस्कार प्राप्त करें । संचालन किया डॉ राजश्री सेठ और डॉ रीना अर्धव्यू ने । आभार व्यक्त किया माधव महाविद्यालय पूर्व छात्र संगठन के सचिव डॉ रफ़ीक नागौरी ने । स्वागत किया कार्यक्रम संयोजक डॉ एल एस गोरसिया ने ।प्रो दीपक ठाकर, डॉ मंसूर खान और क्रीड़ा अधिकारी नवीन कोरट,प्रो रायसिंह सोलंकी, प्रो सलोनी पंवार, प्रो शुभ कामना रक्ताले, डॉ मृदुल चन्द्र शुक्ल, डॉ आयशा सिद्दीकी, और लाखन सिंह कुशवाह मौजूद रहे ।
इन्हें पुरस्कृत किया गया:
बी कॉम – कु स्तुति चोपड़ा
बी ए – कु नन्दिनी शर्मा
बी एस सी- श्री करण बारिया
कला संकाय में स्नातकोत्तर स्तर पर प्रथम-श्री तोराफ़ शाह
वाणिज्य संकाय में स्नातकोत्तर स्तर पर प्रथम – श्री सान्निध्य भट्ट
इसके अलावा 2018-19 के स्नातकोत्तर स्तर के दो विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया ।
वाणिज्य संकाय से श्री चेतन योगी और कला संकाय से सुश्री निधि भारतीय!
