उज्जैन, कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह द्वारा अनुमोदित और जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार शीतलहर एवं तापमान में आई गिरावट को देखते हुए जिले के समस्त विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर संभावित प्रतिकूल प्रभाव को ध्यान में रखते हुए कक्षा नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के विद्यालयों का संचालन समय तत्काल प्रभाव से परिवर्तित किया गया है।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि उज्जैन जिले के अंतर्गत संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय, सी.बी.एस.ई., आई.सी.एस.ई., माध्यमिक शिक्षा मंडल एवं अन्य सभी बोर्ड से संबद्ध विद्यालयों में नर्सरी से कक्षा 8वीं तक की कक्षाओं का संचालन अब प्रातः 9:00 बजे से किया जाएगा। प्रातः 9:00 बजे से पूर्व किसी भी स्थिति में शाला का संचालन नहीं किया जाएगा।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। आदेश की प्रति संबंधित विभागों, विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, जिला परियोजना समन्वयक तथा समस्त प्राचार्यों/प्रधानाध्यापकों को आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रेषित की गई है।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री महेंद्र कुमार खत्री द्वारा जारी इस आदेश का पालन समस्त विद्यालय सुनिश्चित करेंगे, ताकि शीत लहर के दौरान विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा की जा सके।