उज्जैन,मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विक्रम रघुवंशी के मार्गदर्शन में 17 नवंबर 2026 को देवास रोड स्थित राजेन्द्र सूरी शिक्षा महाविद्यालय में नशा एवं टीबी मुक्त युवा कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में महाविद्यालय में अध्ययनरत लगभग 250 छात्र-छात्राओं की स्वास्थ्य जांच एवं स्क्रीनिंग की गई, साथ ही 76 विद्यार्थियों के एक्स-रे भी किए गए।
कैंप में एनएसएस के डॉ. प्रदीप लाखरे एवं नागदा महाविद्यालय की प्रोफेसर डॉ. अलका चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियों का संचालन श्री ईरशाद खान, पीएमडीटी कोऑर्डिनेटर एवं श्रीमती स्वाती मुदगल, स्टोर इंचार्ज क्षय केंद्र द्वारा किया गया।
इस अवसर पर जिला क्षय अधिकारी डॉ. अरुण कुशवाह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि टीबी पूरी तरह से इलाज योग्य बीमारी है। आवश्यकता केवल इस बात की है कि मरीज चिकित्सक की देखरेख में नियमित रूप से निर्धारित उपचार का पूरा कोर्स करें।
डॉ. कुशवाह ने आमजन से अपील की कि टीबी के लक्षण दिखाई देने पर बिना देरी किए जांच करवाएं और समय पर उपचार शुरू करें। उन्होंने टीबी उन्मूलन अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर देते हुए नागरिकों से निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों को फूड बास्केट उपलब्ध कराने की भी अपील की।
कैंप का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों एवं टीबी जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करना तथा समय पर स्वास्थ्य जांच और उपचार के लिए प्रेरित करना रहा।