उज्जैन, श्री अंगारेश्वर महादेव मंदिर में मंगलवार, 24 नवंबर 2026 को परंपरानुसार भव्य अन्नकूट एवं छप्पन भोग महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर भगवान श्री अंगारेश्वर महादेव को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित कर भव्य आरती की जाएगी।
महोत्सव की तैयारियां पुजारी परिवार द्वारा श्रद्धा, उत्साह एवं समर्पण के साथ की जा रही हैं। आयोजन की संपूर्ण व्यवस्था पुजारी परिवार द्वारा निभाई जाती है तथा वर्षों से चली आ रही धार्मिक परंपरा को भव्य स्वरूप प्रदान किया जा रहा है।
महोत्सव के विशेष आकर्षण के रूप में इंदौर के प्रसिद्ध राजकमल बैंड द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी तथा आकर्षक आतिशबाजी भी होगी। इस संबंध में मंदिर के शासकीय पुजारी श्री मनीष उपाध्याय एवं श्री रोहित उपाध्याय ने जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने, श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं मंदिर की आय बढ़ाने के लिए मंदिर व्यवस्थापक एवं उज्जैन कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह के मार्गदर्शन में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। मंदिर समिति के अध्यक्ष एवं अनुभागीय अधिकारी श्री राजाराम करजरे द्वारा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। समिति के सचिव एवं तहसीलदार श्री आदर्श शर्मा ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ऑनलाइन दान हेतु बारकोड की व्यवस्था की गई है, जिससे दान राशि सीधे मंदिर के खाते में जमा होती है।मंदिर की व्यवस्थाओं के संचालन हेतु नायब तहसीलदार श्री राजेश चौहान एवं नायब तहसीलदार श्रीमती रूपकला परमार को मंदिर प्रभारी बनाया गया है, वहीं सहायक प्रशासक के रूप में श्री प्रभाकर जोशी नियुक्त हैं।मंदिर के प्रबंधक एवं प्रभारी श्री गोपाल शर्मा ने श्रद्धालुओं को जानकारी देते हुए बताया कि अन्नकूट एवं छप्पन भोग महोत्सव के अवसर पर 24 नवंबर को भात पूजन, मंगल शांति पूजन, गुलाल पूजन एवं पंचामृत पूजन का समय प्रातः 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित रहेगा। दोपहर 1 बजे के बाद गर्भगृह में प्रवेश बंद रहेगा। अतः सभी श्रद्धालु एवं पूजन कराने वाले यजमान निर्धारित समय से पूर्व अपना पूजन संपन्न कराएं।
मंदिर समिति एवं पुजारी परिवार द्वारा सभी श्रद्धालुओं से महोत्सव में सम्मिलित होकर भगवान श्री अंगारेश्वर महादेव का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की गई है।